द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश के महोबा से सोमवार शाम एक दुखद घटना सामने आई, जहां घर के बाहर खेल रहीं तीन सगी बहनें अचानक लापता हो गईं। जिसके बाद देर रात तीनों बहनों का शव गांव के बाहर एक कुएं में मिला। घटना महोबा जिले के महोबा थाना अजनर क्षेत्र के आरी गांव का बताया जा रहा है। तीनों बहनों की उम्र 3 से 7 साल बताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में गम का माहौल बन गया वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, आरी गांव के रहने वाले रम्मू अहिरवार की बेटियां 7 वर्षीय रूचि, 5 वर्षीय पुष्पा और 3 वर्षीय दीक्षा घर के बाहर सोमवार की शाम को खेल रही थीं। लेकिन कुछ ही देर बाद तीनों नजर नहीं आने लगी। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जब तीनों बच्चियों का कुछ पता नहीं चला तो देर रात परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच छानबीन शुरू कर दी।.jpeg)
खोजबीन के क्रम में ललौनी रोड पर खेत के कुएं में तीनों बहनों के शव तैरते मिले। जिसके बाद एसपी प्रबल प्रताप सिंह, अपर एसपी वंदना सिंह, सीओ कुलपहाड़ रविकांत और थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला। 
फिलहाल पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। परिजन भी किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने कहा कि तीनों बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की तह तक जाया जा सकता है।