logo

असम : ब्रह्मपुत्र पर 1400 करोड़ से बनेगा नया रोड-कम-रेल पुल, 2029 तक निर्माण पूरा करने का टारगेट 

ASSAM21.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
असम में ब्रह्मपुत्र नदी पर एक नए रोड-कम-रेल पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का ठेका एलएंडटी कंस्ट्रक्शन लिमिटेड को सौंप दिया है। करीब 1,400 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परियोजना को सभी आवश्यक सुरक्षा मंजूरियां मिल चुकी हैं और अप्रैल 2026 में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। प्रारंभिक निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। डिजाइन और जियोटेक्निकल अध्ययन पूरे किए जा चुके हैं, जबकि वर्तमान में पाइलिंग परीक्षण और अन्य आधारभूत निर्माण गतिविधियां जारी हैं।

आधुनिक कंपोजिट स्टील गर्डर तकनीक से बनेगा
करीब दो किलोमीटर लंबे इस पुल का निर्माण आधुनिक कंपोजिट स्टील गर्डर तकनीक से किया जाएगा, जिससे इस पर सड़क और रेल दोनों प्रकार का यातायात संचालित हो सकेगा। परियोजना के लिए अमिंगांव क्षेत्र में आवश्यक भूमि संबंधी प्रक्रियाएं और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है।
रेलवे का मानना है कि यह पुल केवल ब्रह्मपुत्र के दोनों किनारों के बीच आवागमन को आसान नहीं बनाएगा, बल्कि राज्य के रेल नेटवर्क को भी नई मजबूती देगा। इसके निर्माण से अगियाठुरी से कामाख्या तक बची हुई सिंगल रेलवे लाइन को डबल लाइन में बदला जा सकेगा, जिससे ट्रेनों की आवाजाही और माल परिवहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

क्या बताया अधिकारियों ने 
अधिकारियों ने बताया कि असम के मुख्य रेल नेटवर्क के दोहरीकरण का कार्य कई हिस्सों में पूरा हो चुका है और शेष खंडों पर तेजी से काम चल रहा है। नया पुल राज्य में यातायात, व्यापार, माल ढुलाई और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अप्रत्यक्ष रूप से इससे रोजगार और तरक्की के रास्ते खुलेंगे। 

Tags - Brahmaputra bridge Assam infrastructure railway project road rail bridge connectivity boost