रांची
रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित भट्टी चौक के पास रविवार दोपहर एक युवक साहिल उर्फ कुरकुरे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। इस मामले में पुलिस ने पूर्व पार्षद असलम के भाई आसिफ को हिरासत में लिया है, जो हाल ही में जेल से छूटा था।
घटना के कुछ समय बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के घर और दफ्तर में जमकर तोड़फोड़ की। मुख्य आरोपी अरमान के घर में घरेलू सामान बाहर फेंक दिया गया, वहीं पूर्व पार्षद असलम के कार्यालय को भी नुकसान पहुंचाया गया। हालात को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक साहिल कुछ महीने पहले ही आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल से रिहा हुआ था। उसकी मां ने बताया कि अरमान नाम के युवक ने उसे भट्टी चौक पर बुलाया और गोली मार दी। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि असलम का भाई आसिफ साहिल को जेल से छूटने के बाद से लगातार धमका रहा था।
जानकारी के अनुसार, जेल में रहते हुए साहिल और असलम के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें साहिल ने असलम और आसिफ के साथ मारपीट की थी। माना जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते यह हत्या की गई है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय और हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तैनात हैं।
