logo

धनबाद में सुबह की मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक को अपराधियों ने मारी गोली, इलाके में फैली दहशत

DHANBAD_FIRING_CASE.jpg

धनबाद 
कोयलांचल धनबाद में बुधवार की सुबह जोरापोखर थाना क्षेत्र के डुमरी नंबर-2 गली में अपनी-पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

पत्नी के साथ टहलने निकला था युवक, अचानक हुई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, डुमरी नंबर-2 निवासी पीड़ित युवक बुधवार सुबह अपनी पत्नी के साथ घर के पास वाली गली में टहल रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए इंतेजार कर रहे अज्ञात अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली सीधे युवक को लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। अचानक हुई इस गोलीबारी से चीख-पुकार मच गई और हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। 
अस्पताल में इलाज जारी, जांच में जुटी पुलिस
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से खून से लथपथ युवक को आनन-फानन में टाटा जामाडोबा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। वहीं, वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर चश्मदीदों से पूछताछ की है। फिलहाल, हमलावर कौन थे और उन्होंने इस वारदात को अंजाम क्यों दिया, इन कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Tags - Dhanbad Jharkhand Crime Shooting Incident Jorapokhar Breaking News