नंदलाल तुरी
पाकुड़ सदर प्रखंड के मनीरामपुर पंचायत के युवाओं ने नशे की लत से ग्रामीणों को बचाने के लिए एक प्रेरणादायक कदम उठाया। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान चलाकर अपने पंचायत के लोगों को जागरूक किया। आजकल दारू, गांजा, अफीम, भांग और चरस जैसे नशे में फंसी युवा पीढ़ी समाज और परिवारों के लिए चिंता का कारण बन चुकी है। यह नशे की लत किसी भी व्यक्ति को उसके सामान्य जीवन से दूर कर देती है, जिससे उसका निजी जीवन और समाज पर बुरा असर पड़ता है। इस समस्या से निपटने के लिए राज्य सरकार भी विभिन्न प्रचार-प्रसार के माध्यम से लाखों-करोड़ों रुपए खर्च कर लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रही है, ताकि राज्य को नशा मुक्त बनाया जा सके।
हालांकि, नए पीढ़ी के नवयुवक दिन-प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के नशे में फंसते जा रहे हैं। इस बीच, मनीरामपुर पंचायत के युवाओं ने एक अच्छा उदाहरण प्रस्तुत किया। नवयुवकों इमामुद्दीन, शमशुल हक, मोहम्मद यार, मन्नू शेख, सनाउल्लाह, मुफज्जल, तजमुल शेख, नजमी आलम, सलीम शेख, हाशिम शेख, इकबाल शेख, मुबारक शेख, शाफिकुल इस्लाम, कयूम शेख आदि ने नशा मुक्ति के लिए जागरूकता अभियान चलाया। इसके साथ ही उन्होंने गली-मोहल्लों में सफाई अभियान भी चलाया और बच्चों को कचरा चुनने से रोकने की कोशिश की। इन युवाओं ने अपने पंचायत के लोगों से नशा मुक्त रहने की शपथ भी ली।
.jpeg)