पूर्वी सिंहभूम
पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़भांगा नदी में रविवार को नहाने के दौरान डूबे टेल्को आजाद बस्ती निवासी 20 वर्षीय राजू सिंह राजपूत का शव सोमवार दोपहर बरामद कर लिया गया। करीब 24 घंटे बाद स्थानीय गोताखोरों ने नदी से राजू का शव बाहर निकाला। शव मिलने के बाद परिजनों में मातम छा गया। राजू रविवार को अपने दोस्त मुकेश सिंह, प्रमोद कुमार, राजेश कुमार, संजीव कुमार और वीरेंद्र सिंह के साथ पहाड़भांगा पिकनिक मनाने गया था। दोपहर करीब तीन बजे पिकनिक के बाद राजू अपने दोस्त मुकेश सिंह और राजेश कुमार के साथ नदी में नहाने उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया और डूब गया।
.jpeg)
मुकेश सिंह भी गहरे पानी में चला गया था
राजू सिंह के साथ नदी में नहा रहे मुकेश सिंह भी गहरे पानी में चला गया था, लेकिन वो किसी तरह बाहर निकल आया। घटना की सूचना मिलने के बाद पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रविवार को ग्रामीणों की मदद से नदी में काफी देर तक तलाश की गयी, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। सोमवार सुबह पुलिस की निगरानी में फिर से दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय गोताखोरों ने नदी में तलाश जारी रखी और दोपहर करीब तीन बजे राजू सिंह राजपूत का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
