पाकुड़
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में बंद पड़े पत्थर खदान में डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान सोनाजोड़ी पंचायत के सोलागढ़िया गांव स्थित नयापाड़ा निवासी हारुन अंसारी के 19 वर्षीय पुत्र मोहम्मद इमरान अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, इमरान रविवार को सोनाजोड़ी स्थित एक बंद पड़े पत्थर खदान में नहाने गए थे। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इमरान के साथ नहाने गए एक 9 वर्षीय बालक ने उन्हें डूबता देख तुरंत गांव पहुंचकर लोगों को इसकी सूचना दी। जिस पत्थर खदान में घटना हुई, वह गांव से लगभग 150 मीटर की दूरी पर स्थित है। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम
इधर, सूचना मिलने पर पंचायत के पूर्व मुखिया शफीक अंसारी भी घटनास्थल पहुंचे और नगर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और होमगार्ड के जवानों ने खदान में उतरकर युवक की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मोहम्मद इमरान अंसारी को पानी से बाहर निकाला गया। बेहोशी की हालत में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहाने के दौरान संभवतः इमरान का पैर फिसल गया, जिसके कारण वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। ग्रामीणों के अनुसार, इमरान अपने दो भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। कुछ ही दिनों पहले उनकी बहन का विवाह हुआ था। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
