logo

सरायकेला में ट्रेन से कटकर युवक की मौत, बाहर से घर लौटा था मृतक चैतन मुंडा

WhatsApp_Image_2026-08-27_at_12_48_04_PM.jpeg

सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल-मुरी रेलखंड पर झिमरी और हेसालोंग रेलवे स्टेशन के बीच करारगामा गांव के समीप गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की पूरी जानकारी 
मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के हाइतिरूल गांव निवासी चैतन सिंह मुंडा उर्फ गुजरु के रूप में हुई है। चैतन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मां विधवा हैं। बताया जा रहा है कि चैतन बाहर रहकर काम करता था और कुछ दिन पहले ही अपने गांव हाइतिरूल लौटा था। घटना करारगामा गांव के समीप रेलवे अंडरपास के पास हुई। स्थानीय लोगों ने युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना रेलवे पुलिस को दी। इसके बाद संबंधित नीमडीह थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक किस ट्रेन की चपेट में आया और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घटना को लेकर ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है।

Tags - Seraikela News Train Accident Jharkhand News Nimdih Accident Railway Accident