पलामू
मेदिनीनगर नगर निगम की कथित उदासीनता और शहर की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ युवा कांग्रेस ने कचहरी परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव सूर्यांश प्रताप सिंह ने किया।
कचरा डंपिंग और जहरीले धुएं का आरोप
धरना को संबोधित करते हुए सूर्य प्रताप सिंह ने नगर निगम और मेयर अरुणा शंकर पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम द्वारा शापुर में कचरा डंप किया जा रहा है, जहां कचरे में 24 घंटे आग लगी रहती है। इससे निकलने वाले जहरीले धुएं से आसपास के लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है।.jpeg)
मेयर पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप
उन्होंने मेयर पर हमला बोलते हुए कहा कि “जब आप जान नहीं बचा सकतीं, तो किसी की जान लेने का हक भी नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले जनता से बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन अब तक उन वादों को पूरा नहीं किया गया।
पानी और खराब सड़कों को लेकर सवाल
सूर्यांश प्रताप सिंह ने कहा कि शहर में लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं और सड़कों की स्थिति भी बेहद खराब है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शहर की सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे हैं, ऐसा लगता है मानो सड़क नहीं बल्कि खेत हो।
रबड़ डैम निर्माण की मांग
उन्होंने कहा कि यदि मेयर और नगर निगम की नीयत जनता के हित में काम करने की होती, तो कोयल नदी में रबड़ डैम का निर्माण अब तक शुरू हो चुका होता। युवा कांग्रेस ने नगर निगम से शहर की मूलभूत समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।