रांची :
झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के नेता, व्यवसायी और समाजसेवी रोहित राज का एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। देर रात तैमारा घाटी में उनकी कार (JH01EG2163) दुर्घटनाग्रस्त हुई। रोहित शनिवार की रात करीब 1 बजे अपनी कार से चौका स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार में आ रही ट्रेलर (JH17P4150) ने उसकी कार को अपनी चपेट में ले लिया। उसने इतनी जोरदार टक्कर मारी की कार के परखच्चे उड़ गए। लोगों ने बताया कि टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सहम गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। इधर, सूचना पाकर दुर्घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और काफी मशक्कत कर कार में फंसे युवा नेता रोहित राज को बाहर निकाला। इलाज के लिए उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई। लेकिन रोहित ने उसी दौरान दम तोड़ दिया। देर रात शव अस्पताल पहुंचने पर युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव राजेश कुमार सनी, युवा कांग्रेस महासचिव सह रांची विधानसभा प्रभारी रोहित सिन्हा, समेत दर्जनों नेता कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। रविवार को रिम्स में उनके शव का पोस्टमार्टम हुआ। मुक्तिधाम में पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने पहुंचकर दुख प्रकट किया। अपने शोक संदेश में राष्ट्रीय सचिव राजेश कुमार सनी ने कहा कि स्वर्गीय रोहित राज सक्रिय युवा नेता थे, उनका असामयिक निधन क्षेत्र की बहुत बड़ी क्षति है। युवा कांग्रेस महासचिव एवं रांची विधानसभा प्रभारी रोहित सिन्हा ने कहा कि श्री राज का आकस्मिक निधन हम सभी के लिए बहुत ही चौंकाने वाला और दुखद है। युवा कांग्रेस उनके साथ साझा किए गए हर एक पल को याद रखेगा और एक महान व्यक्ति की बात करेंगे जो वह थे।
मृदुभाषी एवं सरल स्वभाव से बनाई थी पैठ
रोहित पतरातू के रहने वाले थे। पतरातू स्थित होटल कंफर्ट रेसिडेंसी एवं श्रीराम प्लाईवुड के संचालक थे। युवा व्यवसायी सह युवा कांग्रेस नेता रोहित राज के असामयिक निधन से परिवार समेत कांग्रेस पार्टी एवं पतरातू बाजार के लोग मर्माहत है। स्वर्गीय रोहित राज 2007 से युवा कांग्रेस से जुड़े थे। मृदुभाषी एवं सरल स्वभाव के कारण बाजार के व्यवसायियों में उनकी गहरी पैठ थी। निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में व्यवसायी एवं राजनीतिक दल के नेता पतरातू स्थित आवास पर एकत्रित होने लगे। वह अपने पीछे माता-पिता, बड़ी बहन, पत्नी और ढाई साल की पुत्री समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गए।
कांग्रेस भवन में शोक सभा आयोजित
रविवार को कांग्रेस भवन में स्वर्गीय रोहित राज के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। मौन धारण करके श्रद्धांजलि अर्पित की गई। स्वर्गीय रोहित राज के निधन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास, राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, फुरकान अंसारी, सांसद गीता कोड़ा, कुमार राजा, प्रदीप बालमूचु, सुखदेव भगत, राज्यसभा सांसद धीरज साहू, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मधु कोड़ा, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, विधायक दीपिका पांडे, बंधु तिर्की, कुमार जय मंगल उर्फ अनूप सिंह, पूर्णिमा नीरज सिंह, भूषण बाड़ा, अंबा प्रसाद, रामचंद्र सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, सोनाराम सिंकू, ममता देवी, प्रदीप यादव, कमलेश महतो, वरिष्ठ कांग्रेसी अरुण श्रीवास्तव, प्रदीप तुलसियान, अनादि ब्रह्म, मंजूर अंसारी, ज्योति सिंह मथारू, अजय नाथ शाहदेव, राष्ट्रीय सचिव राजेश कुमार सनी, रियाज अहमद, रोहित सिन्हा, झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, संजय पांडे, दीपक ओझा, अमरिंदर सिंह, प्रोफेशनल कांग्रेस के अध्यक्ष आदित्य विक्रम जयसवाल, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गुंजन सिंह, प्रवक्ता राजीव रंजन, रविंद्र सिंह, मदन मोहन शर्मा, केदार पासवान, राकेश सिन्हा, रमा खलखो, राजेश गुप्ता, आलोक दुबे, किशोर शाहदेव, विनोद सिंह, संजय लाल पासवान, राकेश किरण महतो, अमूल्य नीरज खलखो, मानस सिन्हा, सतीश पाल मुंजनी, सुरेश बैठा, निशांत राजा, तनवीर आलम, आभा सिन्हा, सुरेंद्र सिंह, बृज भूषण पांडे, कुमार रोशन, ऋषिकेश सिंह, कुलदीप कुमार रवि, नितेश सिन्हा, पंचम सिंह, नगेंद्र सिंह पप्पू, पंकज नाथ, बसंत लकड़ा बिट्टू और विश्वजीत घोष आदि ने शोक प्रकट किया।