द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर शनिवार को झाझा-आसनसोल पैसेंजर ट्रेन में एक महिला यात्री का पर्स काटकर मोबाइल फोन चोरी करने वाले युवक को यात्रियों की सतर्कता और RPF क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में रंगे हाथों पकड़ लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन जामताड़ा स्टेशन पर खड़ी थी। इसी दौरान आरोपी युवक ने महिला यात्री के पर्स से मोबाइल फोन चोरी कर भागने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और तत्काल RPF क्राइम ब्रांच को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही RPF क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक कुमार बताया है, जो पश्चिम बंगाल के बाराबनी का निवासी है। आरोपी के पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। RPF सूत्रों के अनुसार, आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल थाना लाया गया है, जहां आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर मामले की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से यात्रियों ने राहत की सांस ली और सतर्क यात्रियों के साथ-साथ RPF की भूमिका की सराहना की।
.jpg)