logo

ऑनलाइन प्रेम जाल में फंसाकर नाबालिग को भगाने वाला युवक गिरफ्तार, लड़की सकुशल बरामद

jamtara_online_love_2.jpg

जामताड़ा
जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को ऑनलाइन प्रेम जाल में फंसाकर घर से भगाने के मामले का सफल खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिहिजाम थाना क्षेत्र के बोदमा गांव की रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को आरोपी युवक ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने संपर्क में लिया था. आरोप है कि युवक ने ऑनलाइन बातचीत के जरिए लड़की को अपने प्रेम जाल में फंसाया और बहला-फुसलाकर घर से भागने के लिए प्रेरित किया. इसके बाद 26 अप्रैल 2026 को नाबालिग अपने घर से लापता हो गई और धनबाद के कालू बाथन इलाके पहुंच गई.
धनबाद से आरोपी गिरफ्तार
बेटी के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पीड़ित पिता ने मिहिजाम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर थाना में कांड संख्या 23/26 दर्ज किया गया और मामले की जांच शुरू की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए जामताड़ा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए धनबाद निवासी गणेश गोराय को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया गया.

न्यायिक हिरासत में भेजा गया युवक
मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय युवाओं को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आने से गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं. पुलिस ने नाबालिग का चिकित्सीय परीक्षण कराने सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई और नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी की स्थानीय लोगों ने सराहना की है.

 

Tags - Jamtara News Online Love Trap Case Jharkhand Crime News Ganesh Gorai Arrested Social Media Crime jamtara