logo

टाटानगर स्टेशन पर मालगाड़ी के टैंकर पर चढ़ा युवक, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से हुई मौत

tatanagar_accident.jpg

जमशेदपुर
टाटानगर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. युवक मालगाड़ी के टैंकर पर चढ़ गया था, तभी वह हाईटेंशन ओवरहेड तार की चपेट में आ गया. तेज धमाके के साथ वह गंभीर रूप से झुलस गया. रेलवे अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान बोकारो जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र निवासी नेमनारायण महतो के रूप में हुई है. उसके पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर पुलिस ने उसकी शिनाख्त की. परिजनों के अनुसार, नेमनारायण पुणे में ड्राइवर का काम करता था. वह टाटानगर स्टेशन कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी फिलहाल परिवार को भी नहीं है. 
टैंकर पर चढ़ा और हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक
घटना अहले सुबह करीब साढ़े तीन बजे प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर हुई. उस समय टैंकर लदी मालगाड़ी ट्रैक पर खड़ी थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अचानक टैंकर के ऊपर चढ़ गया और ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया. संपर्क होते ही जोरदार ब्लास्ट हुआ और युवक बुरी तरह झुलसकर नीचे गिर पड़ा. मौके पर मौजूद यात्रियों ने आग बुझायी.इधर, सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल रेलवे अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही परिजन भी टाटानगर स्टेशन पहुंचे. युवक की मौत के बाद परिवार सदमे में है.
सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस हादसे के बाद एक बार फिर टाटानगर स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गयी है. बीते एक महीने के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है. इससे पहले 6 मई को प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ने के दौरान एक युवक हाईटेंशन ओवरहेड तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया था, जिसकी बाद में मौत हो गयी थी. इसके अलावा वर्ष 2025 में भी स्टेशन परिसर में इस तरह की दो घटनाएं सामने आ चुकी हैं. लगातार हो रहे हादसों के बावजूद मालगाड़ियों तक लोगों की पहुंच नहीं रुक पा रही है, जिससे रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

 

Tags - tatanagar station Acident tatanagar railway Station news Hightension wire Accident Death Duie to Shock tatanagar railway Accident