चक्रधरपुर
छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध युवा कथावाचक भागवताचार्य कृष्ण शुभम महाराज का ट्रेन यात्रा के दौरान निधन हो गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वे एलटीटी–शालीमार कुर्ला एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। उनकी असमय मृत्यु की खबर से अनुयायियों और श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, 31 वर्षीय कृष्ण शुभम महाराज छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के निवासी थे और 11 जनवरी की शाम करीब 5:50 बजे ट्रेन संख्या 18029 में सवार हुए थे। वे पश्चिम बंगाल के शालीमार में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में प्रवचन देने जा रहे थे। यात्रा के दौरान उनके साथ उनके सेवादार इंद्रजीत तिवारी भी मौजूद थे।

सोमवार सुबह जब ट्रेन राउरकेला स्टेशन के पास थी, तभी वे अपने बर्थ से उठकर शौचालय की ओर गए। इसी दौरान शौचालय के दरवाजे के सामने ही वे अचानक बेसुध होकर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्हें सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द की शिकायत हुई।
हालत बिगड़ते देख सेवादार ने तत्काल ट्रेन में मौजूद टीटीई को सूचना दी, जिसके बाद चक्रधरपुर रेल मंडल के कंट्रोल रूम को आपात मेडिकल सहायता के लिए संदेश भेजा गया। उस समय तक ट्रेन राउरकेला स्टेशन पार कर चुकी थी।
चक्रधरपुर स्टेशन पर रेलवे अस्पताल की डॉक्टरों की टीम एंबुलेंस के साथ मौजूद रही, लेकिन जब ट्रेन प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंची, तब तक कथावाचक की मृत्यु हो चुकी थी। रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद चक्रधरपुर जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव को रेलवे अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। सेवादार के अनुसार कृष्ण शुभम महाराज को पहले से सांस संबंधी समस्या थी। परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे सड़क मार्ग से चक्रधरपुर के लिए रवाना हो चुके हैं।
.jpg)