द फॉलोअप डेस्क
रांची- भाजपा प्रदेश कार्यालय में शंखनाद अभियान के अंतर्गत सोशल मीडिया का प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। प्रशिक्षण में पूरे राज्य से ज़िलों के आईटी व सोशल मीडिया के संयोजक व सहसंयोजक उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि व सामूहिक वन्दे मातरम् के गायन से हुई। प्रशिक्षण में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों से संवाद करते हुए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया आज के समय में सूचना का सबसे तीव्र माध्यम है। कहा कि राज्य के लिए 2024 चुनावी वर्ष है। आगामी लोकसभा चुनाव व विधानसभा चुनाव से पहले राज्य से लेकर मंडल स्तर तक मशीनरी की क्षमता और महत्व को ध्यान में रखते हुए अपने ऑन-ग्राउंड सोशल मीडिया नेटवर्क का विस्तार करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करते हुए कहा कि लोकसभा और विधानसभा में सूबे में भाजपा की जीत सुनिश्चित है।
लक्ष्य 2024 के लिए सोशल मीडिया निभायेगा अहम भूमिका- मालवीय
आईटी व सोशल मीडिया के राष्ट्रीय प्रमुख श्री अमित मालवीय ने वर्चुअल माध्यम से प्रशिक्षण को संबोधित किया। उन्होंने शंखनाद अभियान के अंतर्गत सोशल मीडिया विभाग की संगठनात्मक संरचना को मजबूत करने पर चर्चा की। साथ ही उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मोदी सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी और उनके लाभ फैलाने के लिए सोशल मीडिया का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री सह हज़ारीबाग़ सांसद श्री जयंत सिन्हा ने सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म के अनुप्रयोग पर पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों और राज्य की हेमंत सोरेन की सरकार की विफलताओं को सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन को बताने का भी दिशा-निर्देश दिया।
सोशल मीडिया वालंटियर सम्मेलन का आयोजन होगा
प्रदेश महामंत्री सह सोशल मीडिया के प्रदेश प्रभारी श्री बालमुकुंद सहाय ने कहा कि जिस तरह आज प्रदेश में कार्यशाला हुई है उसी प्रकार सभी ज़िलों में ज़िला स्तरीय कार्यशाला और 6 शहरों (हजारीबाग, रांची, दुमका, जमशेदपुर, धनबाद और पलामू) में सोशल मीडिया वालंटियर सम्मेलन आयोजित की जायेगी। प्रशिक्षण में पीपीटी के माध्यम से सोशल मीडिया संयोजक श्री राहुल अवस्थी ने पार्टी पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया व शंखनाद अभियान की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान सोशल मीडिया वारियर्स अभियान की शुरुआत की गई। इसके लिए झारखंड भाजपा की वेबसाइट पर एक लिंक व व्हाट्सएप्प नंबर भी जारी किया गया। इसके माध्यम से प्रदेश भाजपा सोशल मीडिया पर सक्रिय वालंटियर्स को जोड़कर अपने अभियान को गति देने की कोशिश करेगी। कार्यक्रम का संचालन आईटी सेल के प्रदेश सह संयोजक विवेक विकास ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन सोशल मीडिया प्रदेश टोली की सदस्य श्रीमती प्रियंका रंजन के द्वारा किया गया।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N