द फॉलोअप डेस्क
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड की महिलाओं को अब बड़ी खुशखबरी देदी है। दरअसल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड में कारखाना संशोधन विधेयक, 2023 पर अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके तहत अब राज्य की महिलाएं फैक्ट्रियों में रात में भी काम कर सकेंगी। झारखंड विधानसभा से पारित इस विधेयक को राज्यपाल ने स्वीकृति प्रदान की थी उसके बाद राष्ट्रपति के अनुमोदन के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा गया था। और अब राष्ट्रपति के अनुमोदन मिलने के बाद राजभवन ने उसे राज्य सरकार को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया है। विधि विभाग से अधिसूचित होने के बाद यह संशोधन लागू हो जाएगा।
बता दें कि इस संशोधन विधेयक को झारखंड विधानसभा में दो अगस्त 2023 को ही पारित किया गया था। इस विधेयक में प्रावधान किया गया है कि अब महिलाएं किसी फैक्ट्री में शाम सात बजे से अगले दिन सुबह छह बजे तक काम कर सकेंगी। इससे पहले महिलाओं को रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक किसी फैक्ट्री में काम करने की छूट नहीं थी। इस संशोधन विधेयक में यह प्रावधान किया गया है कि किसी फैक्ट्री में सुरक्षा और बचाव के जरुरी उपाय किए जाने के बाद महिलाओं को शाम सात बजे से अगले दिन सुबह छह बजे तक काम करने की अनुमति दी जा सकेगी।.jpg)