हजारीबाग
किसानों के लिए खेती करना जितना आसान है उतना ही मुश्किल होता है फसल को सुरक्षित रखना. खासकर प्याज, लहसुन और आलू जैसी सब्जियों के भंडारण की समस्या हर साल किसानों को भारी नुकसान पहुंचाती है, लेकिन हजारीबाग की महिलाओं ने इसका ऐसा देसी समाधान निकाला हैँ, जो अब मिसाल बनता जा रहा है, बांस से बना देसी कोल्ड स्टोरेज किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं. जहां बिना एक रुपया खर्च किए महिलाएं महीनों तक प्याज सुरक्षित रख रही हैं.
6 से 7 महीने तक प्याज नहीं होता खराब
यह तस्वीरें हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड के डांड पंचायत की हैं, जहां गांव की महिलाओं ने बांस और रस्सी की मदद से देसी कोल्ड स्टोरेज तैयार किया है. इस अनोखी तकनीक में ना बिजली की जरूरत पड़ती है और ना ही महंगे कोल्ड स्टोरेज का खर्च उठाना पड़ता हैं. महिलाएं घर के अंदर बांस का मचान बनाकर उस पर प्याज, लहसुन और आलू का भंडारण कर रही हैं. खास बात यह है कि इस तरीके से सब्जियां 6 से 7 महीने तक खराब नहीं होती.
कोल्ड स्टोरेज में नहीं आती है रौशनी
महिलाएं बताती हैं कि स्टोरेज वाले कमरे में रोशनी नहीं आने दी जाती. बांस की चैली पर प्याज रखने से नीचे और ऊपर दोनों तरफ से हवा मिलती रहती है, जिससे प्याज सड़ता नहीं और लंबे समय तक सुरक्षित रहता है. पहले किसानों को मजबूरी में कम दाम पर प्याज बेचना पड़ता था. लेकिन अब महिलाएं सही समय का इंतजार करती हैं और होली जैसे सीजन में बढ़ी कीमत पर प्याज बेचकर अच्छा मुनाफा कमा रही हैं.

देसी कोल्ड स्टोरेज देखने पहुंच रहे कई लोग
लिड्स संस्था से जुड़े प्रोजेक्ट समन्वयक आलोक कुमार बताते हैं कि महिलाओं को इस देसी तकनीक की जानकारी दी गई. जिसके बाद गांव की महिलाओं ने इसे अपनाया और अब इसका बड़ा फायदा मिल रहा है. आज हालात ऐसे हैं कि दूसरे गांवों से भी लोग इस देसी कोल्ड स्टोरेज को देखने और सीखने पहुंच रहे हैं.
बिना बड़े खर्च के निकाला देसी समाधान
जहां एक तरफ देशभर में कोल्ड स्टोरेज की कमी किसानों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है. वहीं हजारीबाग की महिलाओं ने अपने देसी जुगाड़ और मेहनत से इसका समाधान निकाल लिया है. यह पहल ना सिर्फ फसल बचा रही है बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनकी आमदनी भी बढ़ा रही है. हजारीबाग की इन महिलाओं की यह अनोखी पहल अब दूसरे किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है. जो बता रही है कि अगर सोच नई हो, तो बिना बड़े खर्च के भी बड़ी समस्या का समाधान निकाला जा सकता है.