logo

ब्यूटी पार्लर के लिए महिला ने लिया था कर्ज, दबाव बढ़ा तो उठा लिया ये खतरनाक कदम

death251.jpg

गिरिडीह 

ब्यूटी पार्लर के लिए कर्ज लेने की कीमत पूनम देवी नाम की महिला को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। दस दिनों के अंदर जिले में ये दूसरा हादसा है जब कर्ज के लिए महिला ने आत्महत्या कर लिया। पूनम देवी से पहले जिले की ही एक औऱ महिला जैबुन बीबी ने खुदकुशी कर ली थी। उसने भी कुछ माइक्रो फिनांस कंपनियों से कर्ज ले रखा था। मिली जानकारी के अनुसार पचंबा, पेठियाटांड निवासी पूनम देवी ब्यूटी पार्लर औऱ लेडिज कॉर्नर की दुकान चलाती थीं। वहीं पूनम के पति मुकेश साहू होटल चलाते हैं। फिर भी परिवार आर्थिक तंगी में था। इस कारण पूनम ने कई माइक्रो फिनांस से कर्ज ले लिया था। इसके साथ ही उसने निजी पहचान के सहारे कई दूसरे लोगों से भी ब्याज पर कर्ज लिये थे।

दो किस्त में कर्ज चुकाने का बना रहे थे दबाव 

फिनांस कंपनी पूनम देवी पर कर्ज चुकाने के लिए लगातार दबाव बना रही थी। उन्होंने दुर्गा पूजा से पहले दो किस्त में पूरा कर्ज चुकाने के लिए पूनम पर दबाव बनाया। पूनम ने किसी तरह एक किस्त दे भी दिया। फिर भी फिनांस कंपनी के कर्मी उसे दूसरी किस्त देने के लिए परेशान कर रहे थे। ब्याज पर कर्ज देने वाले लोग भी पैसे लौटाने के लिए उसे घर आकर तंग करने लगे। इसी दबाव में पूनम देवी ने बुधवार को फांसी लगाकर जान दे दी। पूनम देवी के पति मुकेश साहू ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गयी है। पुलिस ने पूनम के शव को पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया है औऱ मामले की पड़ताल कर रही है। बता दें कि पूनम और मुकेश को एक बेटा और बेटी हैं।  

दस दिन पहले भी एक महिला ने की थी आत्महत्या 
वहीं दस अक्टूबर को बेंगाबाद, खंडोली निवासी जैबुन बीबी नाम की महिला ने भी कर्ज के दबाव से तंग आकर कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली थी। जैबुन बीबी ने भी अलग-अलग माइक्रो फिनांस कंपनियों से कर्ज लिया था। लेकिन घर की हालत खराब होने के कारण वो न कर्ज चुका पा रही थी न ब्याज की राशि। 

 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N