नगर उंटारी/गढ़वा:
डायन कहकर महिला के शरीर में खौलता हुआ गर्म पानी उड़ेल दिया। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला झारखंड के गढ़वा जिले में नगर उंटारी थानाक्षेत्र अंतर्गत भोजपुर गांव का है। पीड़िता की पहचान 55 वर्षीय दिलबसिया देवी के रूप में हुई है। पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग लंबे समय से उसे डायन कहकर प्रताड़ित करते आ रहे थे। बीते 22 अगस्त की शाम को विवाद के बीच उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई और फिर उसके शरीर में गर्म पानी उड़ेल दिया। महिला दर्द से कराहती हुई किसी तरह सड़क तक पहुंची जहां से पुलिस ने उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नगर उंटारी थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में 2 महिलाओं समेत 6 लोगों को गिरफ्तदार किया है।

2 महिलाओं समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया
नगर उंटारी थाना पुलिस ने महिला को डायन बताकर उसके शरीर को गर्म पानी से जलाने के आरोप में 52 वर्षीय पर्मिला देवी, 68 वर्षीय दया उरांव, 70 वर्षीय गया उरांव, 24 वर्षीय सोनू उरांव, 28 वर्षीय विकास उरांव और 50 साल की श्रद्धा देवी को गिरफ्तार किया है। नगर उंटारी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डायन-बिसाही जैसे अंधविश्वास पर यकीन नहीं करना चाहिए। किसी महिला या पुरुष को डायन बताकर प्रताड़ित करना या उसके साथ हिंसात्मक बर्ताव करना कानूनन अपराध है। पुलिस ने कहा कि किसी व्यक्ति को डायन कहकर प्रताड़ित करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं ऐसी घटना सामने आती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि विधिसम्मत कार्रवाई हो।

डायन बिसाही कुरीति ही नहीं, गंभीर अपराध
गौरतललब है कि डायन-बिसाही के नाम पर महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा सिर्फ एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि गंभीर अपराध है। नगर उंटारी मे यह कोई पहली घटना नहीं है इससे पहले भी कई बार इस क्षेत्र मे डायन बिसाही के आरोप मे कई घटनाए घटती रही है।भोजपुर की यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि आखिर अंधविश्वास के नाम पर इंसानियत को कब तक कुचला जाता रहेगा?