logo

डायन बिसाही के शक में महिला की गला रेतकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

DAYAN_.jpg

पश्चिमी सिंहभूम 
पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र स्थित खड़बंध गांव में अंधविश्वास की वेदी पर एक और बेगुनाह महिला की बलि चढ़ गई। एक महीने के बीमार बेटे की तबीयत ठीक न होने का जिम्मेदार पड़ोसी महिला को मानते हुए, एक युवक ने 'डायन-बिसाही' के शक में 45 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। 
घटना की पूरी जानकारी 
मामला कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के खड़बंध गांव स्थित गोप टोला का है। जहां डायन-बिसाही के शक में 45 वर्षीय महिला शुरू गोप की निर्मम हत्या कर दी गयी। पुलिस ने आरोपी पुंडुवा सिंकू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, गोप टोला निवासी देवेंद्र गोप के घर आरोपी पुंडुवा सिंकू रविवार शाम को पहुंचा था। यहां हड़िया पिलाने के बहाने आरोपी देवेंद्र गोप की पत्नी मृतका शरू गोप को अपने साथ ले गया। आरोप है कि सुनसान जगह पर ले जाकर उसने धारदार हथियार से महिला का गला रेत दिया और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। तालाब के पास झाड़ियों से बरामद हुआ लापता महिला का शव
रात में जब शरू गोप घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इस दौरान परिजन आरोपी पुंडुवा सिंकू के घर भी पहुंचे। पूछताछ करने पर उसने बताया कि रास्ते में कुछ देर बातचीत के बाद महिला को घर भेज दिया था। इधर, सोमवार सुबह गांव का एक युवक तालाब की ओर शौच के लिए गया। दातून तोड़ने के लिए वह झाड़ियों की ओर बढ़ा, जहां उसे खून से लथपथ महिला का शव पड़ा मिला। उसने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की पहचान शरू गोप के रूप में की और पुलिस को सूचना दी। अंधविश्वास और शक के आधार पर की हत्या 
सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुंडुवा सिंकू को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी के एक महीने के बेटे की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। उसे शक था कि शरू गोप ने उसके बच्चे पर डायन-बिसाही का साया डाल दिया है। इसी अंधविश्वास और शक के आधार पर उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags - Jamshedpur News Water Crisis SAIL Rural Development Jharkhand News