जामताड़ा
जामताड़ा महिला थाना से पूछताछ के लिए रखी गई एक महिला शुक्रवार सुबह भाग गई. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. महिला के थाना परिसर से गायब होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है. शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर उसकी तस्वीर दिखाकर लोगों से पूछताछ की जा रही है. वहीं, पुलिस शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है. जामताड़ा के रेलवे स्टेशन पर मैला को आखिरी बार देखा गया है.
जानकारी के अनुसार, करीब दो दिन पहले छत्तीसगढ़ के रायगढ़ की रहने वाली एक महिला अपनी किसी शिकायत को लेकर कर्माटांड़ थाना पहुंची थी. हालांकि, भाषा संबंधी समस्या या अन्य कारणों से वह अपनी बात पुलिस के सामने स्पष्ट रूप से नहीं रख पा रही थी. महिला की स्थिति और मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्माटांड़ थाना पुलिस ने बेहतर काउंसलिंग और विस्तृत पूछताछ के लिए उसे दो दिन पहले जामताड़ा महिला थाना के सुपुर्द कर दिया था. बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह अचानक महिला थाना परिसर से वह लापता हो गई. महिला के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया. सुबह करीब 9 बजे महिला थाना प्रभारी खुद जामताड़ा थाना पहुंचीं और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की गई, ताकि महिला का कोई सुराग मिल सके. हालांकि, खबर लिखे जाने तक महिला का कोई पता नहीं चल पाया था.

इस मामले को लेकर जामताड़ा एसपी ने कहा कि उन्हें फिलहाल मामले की पूरी जानकारी नहीं है और घटना की जांच की जा रही है. घटना के बाद महिला थाना की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं. पुलिस सूत्रों का अनौपचारिक तौर पर कहना है कि महिला थाना परिसर से भाग गई है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सुरक्षा घेरे के बीच से महिला कैसे फरार हो गई और उस समय वहां तैनात पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि महिला खुद भागी है या मामला कुछ और है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है.
