logo

चेहरे की खूबसूरती बढ़ाने ब्यूटी पार्लर गई महिला की लाखों की सोने की चेन गायब! ब्यूटीशियन पर गंभीर आरोप 

महिला6.jpg

हजारीबाग 

चेहरे की खूबसूरती बढ़ाने एक महिला पार्लर गयी थी। वापस जब घर लौटी तो उन्होंने देखा की उनके गले से लाखों रुपये की कीमत वाली सोने की चेन गायब गायब हो गयी है। महिला का आरोप है कि पार्लर की ब्यूटीशियन ने खुद उनका चेन उतरवाकर अपने पास रखी, लेकिन अगले दिन मांगने पर साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं जब सीसीटीवी फुटेज मांगी गई तो जवाब मिला कैमरे कई दिनों से खराब हैं। अब मामला थाने पहुंच चुका है और पुलिस जांच में जुटी है। दरअसल पूरा मामला हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र की रहने वाली सोनी कुमारी से जुड़ा हुआ है। महिला वर्तमान में हजारीबाग संप्रेषण गृह में प्रभारी गृह के पद पर कार्यरत हैं। सोनी कुमारी के अनुसार, वह इंद्रलोक पैलेस स्थित एक पार्लर में फेस डिटेलिंग कराने पहुंची थीं।

कैमरे कई दिनों से खराब

उनका आरोप है कि फेस डिटेलिंग शुरू होने से पहले ब्यूटीशियन ने उनसे गले की सोने की चेन उतारने को कहा। महिला के मुताबिक, उन्होंने करीब 15.5 ग्राम की सोने की चेन और मां दुर्गा का पेंडेंट उन्हें सौंप दिया, जिसे उनके सामने ही ड्रॉअर में रख दिया गया। महिला का कहना है कि फेस डिटेलिंग पूरा होने के बाद उन्होंने पैसे का भुगतान किया और जल्दबाजी में चेन लेना भूलकर घर चली गईं। उन्हें भरोसा था कि चेन सुरक्षित होगी और अगले दिन आसानी से मिल जाएगी। सोनी कुमारी का आरोप है कि जब वह अगले दिन चेन लेने पार्लर पहुंचीं तो ब्यूटीशियन ने चेन रखने की बात से ही इनकार कर दिया। लाखों रुपये की चेन का कोई पता नहीं था। इसके बाद महिला ने पूरे पार्लर में खोजबीन की मांग की, लेकिन चेन नहीं मिली। महिला का आरोप है कि उन्होंने पूरे घटनाक्रम की सच्चाई जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज दिखाने को कहा। लेकिन पार्लर प्रबंधन की ओर से बताया गया कि कैमरे कई दिनों से खराब हैं।

ब्यूटीशियन लंबे समय से कार्यरत

यहीं से महिला का शक और गहरा हो गया और मामला सीधे पुलिस तक पहुंच गया। दूसरी ओर, पार्लर संचालक ने महिला के सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि पार्लर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई। संबंधित ब्यूटीशियन लंबे समय से कार्यरत है और उसके खिलाफ पहले कभी कोई शिकायत नहीं मिली। उनका कहना है कि यदि कोई ग्राहक सामान भूल जाता है तो उसे सुरक्षित रखकर लौटाया जाता है। महिला की शिकायत पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि क्या महिला की चेन वास्तव में पार्लर में छूटी थी, वह कहां गई, और मामले में किसकी बात सही है। लाखों की सोने की चेन,कर्मचारी पर गंभीर आरोप,सीसीटीवी बंद होने का दावा और अब पुलिस जांच। सवाल कई हैं, लेकिन जवाब फिलहाल जांच के बाद ही सामने आएंगे।

Tags - Beauty parlour gold chain missing beautician accused Hazaribagh police