कोडरमा
कोडरमा में गर्भवती महिला ने ई-रिक्शा में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। घटना, झुमरी तिलैया के सीएच स्कूल रोड की है। वाकया, बीते सोमवार की देर रात का है। बताया जाता है कि महिला को अचानक प्रसव पीड़ा हुई तो परिजन उसे ई-रिक्शा से अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन सीएच स्कूल रोड में ई-रिक्शा पर ही प्रसव की स्थिति बन गई। गनीमत रही कि तभी उस रास्ते से एक एएनएम गुजर रही थी। उन्होंने हालात की गंभीरता को समझते हुए तत्काल एक्शन लिया और वहीं सड़क किनारे प्रसव कराया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई। एंबुलेंस से महिला और उसके नवजात बच्चों को सदर अस्पताल ले जाया गया।
सदर अस्पताल में 1 बच्चे की मौत
दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि जुड़वा बच्चों में से एक की सदर अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में रांची (रिम्स) रेफर किया गया है। जानकारी मिली है कि महिला ने प्री-मैच्योर बच्चों को जन्म दिया था और सदर अस्पताल में उन्हें गंभीर हालत में लाया गया। यहां इलाज के दौरान बुधवार की दोपहर को एक बच्चे ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स (रांची) रेफर कर दिया गया।