जमशेदपुर
जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज छह घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक, मोबाइल फोन और घटनास्थल से शराब व बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास समेत अन्य सामान बरामद किया है। वहीं, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। 
डिमना लेक ले जाकर पिलाई शराब फिर किया दुसकर्म
पुलिस पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि दो युवकों ने उसे पहले डिमना लेक और मिर्जाडीह हाट की ओर ले जाकर शराब पिलाई। इसके बाद दोनों उसे सुनसान इलाके में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गई। पीड़िता के बयान के आधार पर एमजीएम थाना में मामला दर्ज किया गया। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास, अपाचे मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए गए हैं। फिलहाल पीड़िता का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
8 जुलाई की रात सड़क किनारे मिली थी पीड़िता
गिरफ्तार आरोपियों में एमजीएम थाना क्षेत्र निवासी ओम प्रकाश और मानगो निवासी जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा शामिल हैं। दोनों पेशे से चालक हैं। मामले की जानकारी एमजीएम थाना प्रभारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 8 जुलाई की देर रात डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि सिमुलडांगा गांव के पास सड़क किनारे एक महिला गंभीर अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलने के बाद एमजीएम थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।