द फॉलोअप डेस्क
पाटन थाना क्षेत्र के बरसैता गांव में शनिवार की रात एक महिला की रहस्यमय मौत ने पूरे इलाके को दहला दिया। मृतका की पहचान प्रीति देवी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया, जहां रविवार दोपहर एमएमसीएच में पोस्टमार्टम किया गया।
मायके पक्ष ने पति सुनील पासवान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने तकिए से मुंह दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। मृतका के पिता किरानी राम का कहना है कि सुनील ने करीब एक वर्ष पूर्व मेदिनीनगर की एक युवती से दूसरी शादी की थी, जिसके बाद से दांपत्य जीवन में तनाव चल रहा था। इस विवाद को लेकर मामला पहले भी थाने तक पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार, दशहरा के दौरान सुनील ने अपनी पत्नी से 'मंईयां सम्मान योजना' के 2 हजार और मां से समूह किस्त के नाम पर 4 हजार रुपये लिए थे। शनिवार रात प्रीति अपनी दो बच्चियों (4 और 3 साल) के साथ खाना खाकर सोई थी। देर रात गांव में शोरगुल होने पर पड़ोसी जब पहुंचे तो प्रीति मृत मिली। उसके शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। घटना के बाद से गांव में सनसनी है। पुलिस ने आवश्यक जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
