logo

Assembly Elections : NDA झारखंड के सम्मान को पुनः स्थापित करने का काम करेगा : सुदेश महतो 

AAJSU24.jpg

रांची/ईचागढ़

ईचागढ़ की जनता आज सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए तरस रही है। पांच सालों में इन्होंने क्षेत्र को और पीछे धकेल दिया है। ईचागढ़ का विकास और जनता की सेवा हमारा दायित्व है और इस दायित्व का निर्वहन हमारी प्रतिबद्धता है। हरेलाल महतो ने आज सशक्त और समृद्ध ईचागढ़ के संकल्प के साथ अपना नामांकन दाखिल किया है। जनता अपना प्यार और आशीर्वाद NDA को देगी। ये बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने ईचागढ़ विधानसभा से NDA समर्थित आजसू पार्टी के उम्मीदवार हरेलाल महतो के नामांकन कार्यक्रम में कही। 

उन्होंने कहा कि हरेलाल ने ईचागढ़ की समस्याओं को न सिर्फ करीब से देखा है बल्कि उन्हें महसूस भी किया है। जनता के दुःख सुख में साथ रहकर उन्होंने हर वक़्त जनता की सेवा की है। जनता अब किसी भी छलावे में आने वाली नहीं है। NDA राज्य की खोयी अस्मिता को वापस लाने और झारखंड के सम्मान को पुनः स्थापित करने का काम करेगा।

ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से NDA उम्मीदवार हरेलाल महतो ने कहा कि ईचागढ़ की जनता को वर्तमान विधायक ने छला है। पिछले पांच सालों में हेमंत सरकार ने राज्य के विकास को पीछे धकेल दिया है। जुगसलाई समेत पूरे राज्य में जनता के आशीर्वाद से NDA जीत की इबारत लिखने को तैयार है।

NDA समर्थित आजसू पार्टी के प्रत्याशियों ने गोमिया, जुगसलाई, लोहरदगा, ईचागढ़ और मांडू विधानसभा से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। गोमिया विधानसभा से लंबोदर महतो, जुगसलाई विधानसभा से रामचंद्र सहिस, ईचागढ़ विधानसभा से हरेलाल महतो, लोहरदगा विधानसभा से नीरू शांति भगत और मांडू विधानसभा से निर्मल महतो ने नामांकन पत्र जमा किया। 

सुदेश कुमार महतो 25 अक्टूबर को दाखिल करेंगे नामांकन

पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार कल दिनांक 25 अक्टूबर को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन से पूर्व मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से समाहरणालय तक पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। 

बड़कागांव विधायक के पूर्व प्रतिनिधि ने थामा आजसू पार्टी का दामन

झारखंड का विकास कांग्रेस के एजेंडे में कभी रहा ही नहीं। राज्य की खनिज संपदाओं की लूट इनकी प्राथमिकता रही है। इन्होंने अपने झूठे वादों के जाल में फंसा कर जनता को भ्रामित करने का काम किया है। सरकार की वादाख़िलाफियों ने जनता की उम्मीदों को तोड़ दिया है। ये बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कांके रोड स्थित उनके आवासीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में कही। इस दौरान बड़कागांव कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रतिनिधि संजय कुमार महतो ने अपने समर्थकों के साथ आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। 

उन्होंने कहा कि बड़कागांव की जनता ने कांग्रेस को बार बार मौका दिया लेकिन इन्होंने क्षेत्र व क्षेत्रवासियों के विकास के लिए कोई पहल नहीं की। खनिज संपदाओं से परिपूर्ण यह क्षेत्र इनकी गलतियों के वजह से आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।  पार्टी में शामिल हुए संजय कुमार महतो ने कहा कि बड़कागांव की जनता कांग्रेस के शासन से त्रस्त है। जनता बदलाव की कहानी लिखने को तैयार है। आजसू पार्टी और सुदेश महतो के नेतृत्व में ही झारखंड का विकास संभव है। 

इन्होंने ली सदस्यता : पूर्व पंचायत अध्यक्ष रामकेश्वर सिंह, कुलेश्वर महतो, द्वारिका महतो, बालेश्वर राम समेत कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।


 

Tags - Assembly Elections Elections Jharkhand News Election News