logo

रांची के हटिया में घुस आया जंगली हाथी, पुलिस और वन विभाग अलर्ट मोड में

hothi2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची के हटिया के रिहायशी इलाके में एक हाथी घुस आया है। हाथी को सड़क किनारे घूमते देखा गया है जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके में लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। घटना की जानकारी वन विभाग को भी दे दी गई है। वन विभाग की टीम हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने की तैयारी में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि हाथी को किसी तरह की उकसावे वाली हरकत न की जाए, क्योंकि इससे वह आक्रामक हो सकता है। एहतियातन इलाके की घेराबंदी की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि न हो। बता दें कि इन दिनों झारखंड में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। पिछले एक महीने के भीतर राज्य के अलग-अलग जिलों में दो दर्जन से ज्यादा लोगों की हाथियों के हमले सेमौत हो चुकी है। कई ग्रामीण घायल भी हुए हैं और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। यही वजह है कि हटिया में हाथी के घुसने की खबर से लोगों में दहशत का माहौल है। हाथियों के लगातार रिहायशी इलाकों में आने से जान-माल का खतरा बढ़ गया है। फिलहाल प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से संयम बरतने की अपील कर रही है।