द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रटनियां-मुरगाबनी गांव में भालू के आने से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने एहतियातन बच्चों और मवेशियों को घरों में सुरक्षित कर लिया। बताया गया कि भालू ने अब तक चार बकरियों को अपना शिकार बना लिया, जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान हुआ। घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मंडल समेत ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा भालू से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।
इसके बाद विभाग द्वारा पिंजरा लगाकर रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसमें टीम सफल रही और भालू को सुरक्षित पकड़ लिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए भालू को विभागीय वाहन से सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, ताकि ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी न हो। ग्रामीणों ने समय पर कार्रवाई के लिए वन विभाग का आभार जताया और भविष्य में ऐसे वन्यजीवों के गांव में प्रवेश रोकने के लिए स्थायी उपाय करने की मांग की।
.jpg)