द फॉलोअप डेस्क
अंतर्राष्ट्रीय विधवा दिवस के अवसर पर मेदिनीनगर नगर भवन (टाउन हॉल) में संत मरियम स्कूल के चेयरमैन एवं पहल ट्रस्ट के अध्यक्ष अविनाश देव के नेतृत्व में विधवा सम्मान समारोह सह विधवा पुनर्विवाह पर चर्चा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विधवा महिलाओं को सम्मान देना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना और समाज में विधवा पुनर्विवाह को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

गणमान्य अतिथियों ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व प्रथम विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी, उप विकास आयुक्त शादात अनवर, प्रोविजनल आईएएस ऋत्विक मेहता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, झामुमो जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा, उपाध्यक्ष सोनू सिद्दीकी, शर्मिला सुमी, प्रभात अग्रवाल, पंकज श्रीवास्तव और शिव शंकर सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पहल ट्रस्ट के अध्यक्ष अविनाश देव ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर सम्मानित किया।

चार जोड़ों का पुनर्विवाह बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान चार जोड़ी विधवा पुनर्विवाह संपन्न कराए गए, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक और प्रेरित किया। इस ऐतिहासिक पहल को देखने के लिए सैकड़ों महिलाएं टाउन हॉल के सभागार में मौजूद रहीं। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि विधवा महिलाओं को समाज में सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने विधवा पुनर्विवाह को सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और महिलाओं को सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
.jpeg)
महिला सम्मान और सामाजिक जागरूकता का दिया संदेश
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी महिलाओं को उपहार स्वरूप साड़ी और एक-एक पौधा भेंट किया गया। साथ ही सभी के लिए भोजन की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम का संचालन शालिनी श्रीवास्तव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में पहल ट्रस्ट के सदस्य रवि पाल, ललन प्रजापति, शोभा प्रजापति, नेहा मानवी, विलिगना किंडो सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम सामाजिक समरसता, महिला सम्मान और जागरूकता के मजबूत संदेश के साथ संपन्न हुआ।