पथरगामा/गोड्डा:
पथरगामा के प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश कुमार गौतम के खिलाफ शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन मंगलवार को और तेज होता नजर आया। धरनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, स्थानीय लोगों एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए समर्थकों की भीड़ जुटी। लोगों ने प्रखंड कार्यालय की कार्यशैली पर आक्रोश जाहिर करते हुए बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला परिषद सदस्य अमित भगत ने कहा कि बीडीओ के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें जिला प्रशासन को दी गई हैं, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। उन्होंने दावा किया कि बीडीओ के खिलाफ करीब 50 आवेदन जिला प्रशासन को दिए गए हैं।

बीडीओ को मिला था पक्ष रखने का निर्देश
अमित भगत ने कहा कि उप विकास आयुक्त द्वारा कई बार संबंधित पदाधिकारियों से जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए पत्राचार किया गया, लेकिन अब तक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं किए जाने का आरोप है। उन्होंने यह भी कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में बीडीओ नितेश कुमार गौतम को 18 जुलाई को अपना पक्ष रखने को कहा गया था, लेकिन उनके अनुसार निर्धारित समय पर जवाब नहीं दिया गया। बाद में रिमाइंडर दिए जाने के बावजूद भी जवाब नहीं मिलने का आरोप लगाया गया।

मांगें पूरी होने तक चलेगा अनिश्चितकालीन धरना
जिप सदस्य अमित भगत ने सवाल उठाया कि यदि जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो अब तक इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक ग्रामीणों की मांगों पर उचित पहल नहीं होती और मामले में संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
.jpeg)
ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं सामने रखीं
धरना स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं और नाराजगी को सामने रखा। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से आंदोलन को मजबूती मिली। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। धरना प्रदर्शन में काफी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और लोगों ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया।