द फॉलोअप डेस्कः
रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के मकचुंद टोली निवासी 56 वर्षीय सुनीता देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि अपने बेटे राहुल केसरी की मारपीट से आहत होकर महिला ने फांसी लगा ली। राहुल केसरी पर अपनी मां को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में चुटिया थाना की पुलिस ने बुधवार को केस दर्ज किया है। घटना की शिकायत मृतका की विवाहिता पुत्री रूबी केसरी ने की थी। रूबी केसरी के अनुसार पांच मई को राहुल केसरी ने मां को बेल्ट और मुक्का से मारा था। इसके बाद घर से निकल गया था। तब से मां ने कमरा बंद कर लिया था। रूबी को छह मई को सूचना मिली की मां कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही है। इसके बाद वह ससुराल से मायके आयी। दरवाजा खोला, तो देखा कि मां फंदे से लटकी हुई है। रूबी के अनुसार भाई राहुल केसरी हमेशा मां के साथ मारपीट करता था।