logo

राज्यसभा चुनाव में जयराम महतो की पसंद का प्रत्याशी कौन, इशारों-इशारों में किया खुलासा!

a973.jpg

रांची:

झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों के लिए वोटिंग जारी है। डुमरी से झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के विधायक जयराम महतो भी वोट देने पहुंचे। वह महागठबंधन के पक्ष में वोटिंग करेंगे कि उनका मत एनडीए प्रत्याशी को जाएगा, इस सवाल के जवाब में जयराम महतो ने कहा कि उनका मतदान विकास के पक्ष में जाएगा। जयराम महतो ने कहा कि जो भी उम्मीदवार भविष्य में दिल्ली से उनका काम आसान बनाएगा, वह उसी के पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि चूंकि संवैधानिक व्यवस्था में विधायकों के लिए वोटिंग की बाध्यता है, इसलिए वह विधानसभा पहुंचे हैं, अन्यथा वह किसी के भी पक्ष में मतदान नहीं करते।

जयराम महतो ने कहा कि वह झारखंड विधानसभा में एक आजाद पंक्षी हैं और उनकी अंतर्रात्मा जिसके पक्ष में कहेगी, वहीं मतदान करेंगे। 

 

जयराम महतो ने किया पसंद का खुलासा
ऐसी संभावना जताई जा रही है कि इशारों ही इशारों में जयराम महतो ने अपनी पसंद का खुलासा कर दिया। दरअसल, जब मीडियकर्मियों ने उनसे सवाल किया कि महागठबंधन कह रहा है कि यह बाहरी उम्मीदवार के खिलाफ झारखंड की प्रतिष्ठा और मान-सम्मान का सवाल है तो जयराम महतो ने कहा कि परिमल नाथवानी कहां बाहरी हैं। उन्होंने 12 साल का लंबा वक्त झारखंड में बिताया है। उन्होंने कहा कि मैं झारखंड की बात करता हूं। खतियान की बात करता हूं। उनसे जब सवाल किया गया कि आप किसकी साइड हैं, तो उन्होंने कहा कि मैं बाबा बैद्यनाथ धाम की साइड हूं और बाबा बैद्यनाथ खतियानी हैं। 

विभिन्न दलों के दावों पर क्या बोले जयराम!
भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद के दावों पर जयराम महतो ने कहा कि सभी विधायकों से मेरे बढ़िया संपर्क हैं। यदि प्रदीप प्रसाद से मेरे करीबी संबंध हैं तो कांग्रेस के विधायकों से भी संपर्क है। सबने मुझसे समर्थन मांगा है। मेरे साथ संपर्कों के आधार पर ही विभिन्न दल मीडिया में मुझसे समर्थन का आश्वासन मिलने का दावा कर रहे हैं, लेकिन मैं अपनी अंतर्रात्मा की आवाज सुनूंगा। झारखंड के विकास को वोट करूंगा। जिस प्रत्याशी के पास झारखंड पहले का विजन है,  उसी के समर्थन में मतदान करूंगा। 

एनडीए-महागठबंधन के पास कितना समर्थन!
गौरतलब है कि महागठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं जिनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, आरजेडी के 4 और वामदल के 2 विधायक हैं। एनडीए के पास 24 विधायक हैं जिनमें भाजपा के 21, लोजपा (रामविलास) के 1, जेडीयू के 1 और आजसू पार्टी के 1 विधायक हैं। हालांकि, एनडीए ने दावा किया कि उन्हें 35 विधायकों का समर्थन प्राप्त है तो वहीं महागठबंधन ने कहा कि उनके पास 61 विधायक हैं। इस बीच जयराम महतो को लेकर भी अलग-अलग तरीके का दावा किया जा रहा है। जयराम महतो ने इसे गोपनीय बताते हुए अंतर्रात्मा की बात कही। 

Tags - Jharkhand Rajya Sabha ElectionJairam Mahato JLKMRanchi