logo

झारखंड में नेतृत्व परिवर्तन की खबरों पर क्या कह रहे हैं BJP के नेता

a1424.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

हेमंत सोरेन फिर से झारखंड के मुख्यमंत्री बनेंगे। 5 महीने पहले ही सत्ता संभालने वाले चंपाई सोरेन इस्तीफा देंगे। आज ही राजभवन में सत्ताधारी दल के विधायकों की राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात तय है। गठबंधन के इस फैसले पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। बीजेपी विधायक भानुप्रताप शाही ने इस फैसले पर तंज किया है। भानुप्रताप शाही ने कहा कि अब तेरा क्या होगा टाईगर? हेमंत का नाम यूज एंड थ्रो! बीजेपी विधायक ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा केवल युवाओं के साथ ही नहीं खेल रही बल्कि एक टाईगर को भी बर्बाद कर दिया। दरअसल, चंपाई सोरेन को कोल्हान टाईगर के नाम से जाना जाता है।

 

बाबूलाल मरांडी ने काफी तल्ख टिप्पणी की
चंपाई सोरेन को हटाकर हेमंत सोरेन को झारखंड का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने की खबर सामने आते ही झारखंड की सियासत गर्मा गई है। विपक्ष की तरफ से इंडिया गठबंधन के इस फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया आ रही है। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा में शिबू सोरेन के परिवार से बाहर का  कोई भी आदिवासी केवल काम चलाऊ है। सोरेन परिवार जब जैसा चाहे उसका इस्तेमाल करता है और फिर उसे दूध में गिरी मक्खी की तरह निकाल फेंकता है। बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि 5 महीने पहले जो परिवारवाद से ऊपर उठकर सीएम चुनने की बात कहते थे, आज उस झारखंड मुक्ति मोर्चा का असली चेहरा उजागर हो गया है। 
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में ये नेतृत्व परिवर्तन झारखंड के बाकी आदिवासी नेताओं के लिए सबक है। उनको अपनी सीमा रेखा समझ लेनी चाहिए। उनको यह मान लेना चाहिए कि वे केवल और केवल शिबू सोरेन के परिवार की पालकी ढोने के लिए है। सियासत में ऊंची उड़ान भरना उनके नसीब में है ही नहीं।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि चंपाई सोरेन अभी तो मुख्यमंत्री हैं ही। उनको बार-बार अपमानित किया जा रहा है। जिनकी अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई, उन्हीं चंपाई सोरेन को किनारे बिठा दिया। लोकसभा चुनाव से पहले रांची में इंडिया गठबंधन की रैली में भी उनको मंच पर किनारे बिठा दिया। सोरेन परिवार की बहू कल्पना को बिना किसी पद के भी बीच मंच में जगह मिली। चंपाई की स्पीच के बीच में ही मंच पर बैठे नेता जाने लगे। बाबूलाल मरांडी ने और भी तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा है कि आज झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कोल्हान टाईगर को चूहा बना दिया। 


 

Tags - Hemant SorenJMMChampai SorenJharkhand BJPJharkhand News