logo

चाईबासा में नक्सली-सुरक्षाबलों के मुठभेड़, तेज हुआ ऑपरेशन; फायरिंग जारी

naxi8.jpg

चाईबासा
पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक बार फिर नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई। यह घटना उस समय हुई जब रूटुगुटू के घने जंगलों में चल रहे सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान कोबरा 209 बटालियन के जवान गश्त पर निकले थे। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बल पिछले दो दिनों से गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बोरोई और तूनबेड़ा इलाके में लगातार सर्च अभियान चला रहे थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे जैसे ही जवान जंगल के अंदर आगे बढ़े, पहले से घात लगाकर बैठे माओवादियों से उनका आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।


इलाके में तनाव, सर्च ऑपरेशन तेज
मुठभेड़ सुबह से रुक-रुक कर जारी रही, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और अतिरिक्त जवानों को भी अलर्ट पर रखा गया है। सर्च ऑपरेशन को और तेज करते हुए आसपास के जंगलों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि ऑपरेशन लगातार जारी है और जवान पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नियंत्रण बनाए हुए हैं।


माओवादी गतिविधियों को लेकर पहले से था अलर्ट
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में गोइलकेरा थाना क्षेत्र में एक पूर्व माओवादी की हत्या के बाद से इस इलाके में नक्सली गतिविधियों के बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी। माओवादी नेता मिसिर बेसरा के नेतृत्व में संगठन के सक्रिय होने की सूचना भी मिल रही थी, जो क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। सुरक्षा एजेंसियों को पहले से इनपुट मिले थे कि सारंडा और कोल्हान इलाके में नक्सली फिर सक्रिय हो सकते हैं। इस मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।


 

Tags - Jharkhand news Naxal news Encounter Security forces West Singhbhum Breaking news