logo

पश्चिम-सिंहभूम : मनोहरपुर के रेड़ादिरी टोला में पेयजल संकट, 1 KM दूर से पानी लाने को मजबूर ग्रामीण

WhatsApp_Image_2026-06-02_at_11_58_32_AM.jpeg

पश्चिम-सिंहभूम 
मनोहरपुर प्रखंड के गिंडुग गांव स्थित रेड़ादिरी टोला में जनवरी माह से जलमीनार खराब पड़ा है, जिससे करीब 20 परिवारों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जलमीनार बंद होने के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीण सावन विरगम ने बताया कि जलमीनार खराब होने के बाद पूरे टोला के लोग सिंचाई कुएं का पानी पीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और अब बरसात के मौसम में भी ग्रामीणों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पेयजल के लिए उन्हें लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित सिंचाई कुएं तक जाना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या की जानकारी कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। उन्होंने मांग की कि जलमीनार की जल्द मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।  
SAIL द्वारा गोद लिए गांव की बदहाली
वहीं ग्रामीण सुखदेव विरगम ने बताया कि गिंडुग गांव को सेल (SAIL) द्वारा गोद लिया गया है, इसलिए सीएसआर के तहत यहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलमीनार की मरम्मत नहीं हुई तो वे गिंडुग-पोंगा माइंस सड़क जाम कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। 

Tags - Jamshedpur News Water Crisis SAIL Rural Development Jharkhand News