द फॉलोअप डेस्क
सीएम हेमंत सोरेन ने आज दमदम (उत्तर) विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रिमा भट्टाचार्य के पक्ष में चुनावी जनसभा और शिवपुर में TMC उम्मीदवारो के लिए रोड शो किया। इस दौरान सोरेन ने कहा, बंगाल की धरती ने हमेशा लोकतंत्र, अस्मिता और सांस्कृतिक गौरव की रक्षा की है। आज यही लड़ाई ममता दीदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है। वे बंगाल की पहचान, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर काम कर रही हैं। सोरेन ने आगे कहा, दूसरी ओर भाजपा की राजनीति सिर्फ झूठे वादों और भ्रम फैलाकर सत्ता हासिल करने तक सीमित रही है। बंगाल की जनता, भाजपा के धनतंत्र को हराकर, लोकतंत्र को मजबूत करने का काम करेगी।

शिवपुर विधानसभा क्षेत्र में रोड शो
इससे पहले सीएम सोरेन ने पश्चिम बंगाल के शिवपुर विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी राणा चटर्जी के समर्थन में रोड शो किया। यहां उन्होंने कहा, टिकरापारा रेलवे स्टेशन मोड़ से बेलगछिया तक हुए भव्य रोड शो में जनसमर्थन और उत्साह बता रहा है कि यहां टीएमसी कितनी लोकप्रिय है। जनसैलाब ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता विकास, सामाजिक न्याय और जनहित की राजनीति के साथ खड़ी है। ममता दीदी के नेतृत्व को प्रचंड बहुमत से इस बार फिर बंगाल की जनता अपना आशीर्वाद देगी।
