logo

Weather Update :  झारखंड में सक्रिय है मानसून, रांची सहित कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी

0055331.jpeg

 रांची 
झारखंड में मानसून का खेल जारी हुई है। पिछले 24 घंटे में कई जिलों में वर्षा हुई है। कहीं रुक-रुककर तो कहीं लगातार वर्षा हो रही है। दूसरे शब्दों में कहें तो यहां मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में भी कई इलाकों में वर्षा होने का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग से मिली सूचना के मुताबिक पिछले कई दिनों से बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव अब छत्तीसगढ़ तक पहुंच गया है। इस कारण से झारखंड में भी वर्षा हो रही है। अनुमान है कि अगले 24 घंटे में यह कमजोर हो जायेगा। शनिवार से बादल हल्के हो सकते हैं। और रुक-रुककर बारिश हो सकती है। वहीं, कई जिलों में अलर्ट भी जारी किया गया है। 

संथाल में भारी बारिश
सूबे में पिछले 24 घंटे के दौरान संथाल परगना के कुछ जिलों में भारी वर्षा हुई है। बता दें कि इस दौरान साहिबगंज में सबसे अधिक 89.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी है। इसके अतिरिक्त हजारीबाग, गढ़वा, खूंटी, रांची सहित सूबे के कई जिलों में वर्षा हुई है। रांची में 21.6 और जमशेदपुर में 35.3 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गयी। वहीं डाल्टनगंज में 13.2 मिलीमीटर वर्षा हुई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून टर्फ जैसलमेर, उदयपुर, इंदौर, बेतूल, गोंडिया, रायपुर, गोपालपुर होते हुए मध्य बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इसके उत्तर में झारखंड होने के कारण यहां वर्षा हो रही है।

अब तक हुई बारिश का रिकार्ड 
राज्य में एक जून से अब तक 552.5 मिमी वर्षा दर्ज की गयी। यह औसत वर्षापात 859.5 मिली मीटर से 36% कम है। दूसरी ओर रांची में यह अनुपात 39%  कम है। यहां इस अवधि में 537.2 मिमी वर्षा हुई,  जो कि सामान्य वर्षापात 877.1 मिमी से कम है। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N