logo

झारखंड के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, बढ़ा तापमान; जानें आपके जिले का हाल

झारखंड के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, बढ़ा तापमान; जानें आपके जिले का हाल

रांची:
रांची समेत झारखंड के कई जिलों में बारिश का दौर थमने के बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में रांची के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, जमशेदपुर के अधिकतम तापमान में 4 डिग्री, चाईबासा में 5 डिग्री, मेदिनीनगर में 1.8 डिग्री और बोकारो में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान कोडरमा में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 7 सितंबर तक तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रह सकता है। 


 

8 सितंबर से बदलेगा मौसम, 9-10 को बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 8 सितंबर से झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 9 और 10 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में दोबारा गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से जुड़ा माना जा रहा है। रांची और आसपास के इलाकों में 6 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। 6 और 7 सितंबर को एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 31 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


 

9 सितंबर को सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
रांची में 8 सितंबर को सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 9 सितंबर को मध्यम बारिश के साथ अधिकतम तापमान 27 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम विभाग ने इस दिन गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 10 सितंबर को भी बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वहीं, 11 सितंबर को बादल छाए रहने के साथ गरज और बारिश हो सकती है।


 

झारखंड में सामान्य से 2% कम बारिश
झारखंड में 1 जून से 5 सितंबर तक कुल 822.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षापात 840.2 मिमी है। इस तरह राज्य में बारिश सामान्य से 2% कम रही। जिलेवार पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक 1268.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 49% अधिक है। सरायकेला-खरसावां में 18%, लातेहार में 17%, रांची में 14% और पूर्वी सिंहभूम में 9% अधिक बारिश हुई। वहीं, पाकुड़ में सामान्य से 47% कम बारिश दर्ज की गई। चतरा में 33%, देवघर में 34%, कोडरमा में 25%, गिरिडीह और गुमला में 23-23% तथा हजारीबाग में 22% बारिश की कमी रही। साहिबगंज में 18%, गढ़वा में 16%, दुमका और पलामू में 12-12% कमी दर्ज की गई। धनबाद और जामताड़ा में बारिश 3% कम रही, जबकि खूंटी में बारिश सामान्य के करीब रही।

Tags - Jharkhand Weather Update Ranchi Weather Jharkhand Rain Alert Heavy Rain Alert Weather Forecast