logo

झारखंड में फिर बदला मौसम का मिजाज, 6 जिलों में येलो अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

weather_jharkhand_78781.jpg

रांची
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड के मौसम पर दिख रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 30 अगस्त तक रांची समेत राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
27 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, खूंटी और कोडरमा में भारी बारिश की संभावना जतायी गयी है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं रांची समेत अन्य जिलों में आसमान में बादल छाये रहने और कई जगहों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। 28 अगस्त को चतरा, कोडरमा, गिरिडीह और हजारीबाग में भारी बारिश हो सकती है। जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में बादल छाये रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है। 29 अगस्त को गिरिडीह, देवघर, दुमका, धनबाद, जामताड़ा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश का अनुमान है।
झारखंड में सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 26 अगस्त तक झारखंड में सामान्य बारिश 759.1 मिमी होनी चाहिए थी, जबकि इस दौरान 679.8 मिमी बारिश दर्ज की गयी है। यानी राज्य में अब तक सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि कुछ जिलों में बारिश सामान्य से अधिक हुई है। रांची में इस अवधि के दौरान सामान्य बारिश 776.3 मिमी के मुकाबले 807.5 मिमी बारिश दर्ज की गयी है। यहां सामान्य से करीब चार प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
इन जिलों में सामान्य से अधिक बारिश
पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 44 प्रतिशत, सिमडेगा में सात प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां में छह प्रतिशत, लातेहार में आठ प्रतिशत और खूंटी में चार प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गयी है।
जमशेदपुर में 65 मिमी बारिश
बुधवार को राज्य में सबसे अधिक बारिश जमशेदपुर में दर्ज की गयी, जहां 65 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा बोकारो में 45 मिमी और रांची में दो मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी।

Tags - Jharkhand Weather Rain Alert Ranchi Weather Monsoon News Weather Update