logo

झारखंड में मौसम का मिजाज बदला, समय से पहले पहुंच सकता है मानसून; 10 मई से लू का अलर्ट जारी

झारखंड में मौसम का मिजाज बदला, समय से पहले पहुंच सकता है मानसून; 10 मई से लू का अलर्ट जारी

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी रांची समेत गिरिडीह, जामताड़ा, लातेहार और धनबाद जिलों में सुबह से आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जिससे गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है, साथ ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि यह राहत अधिक समय तक टिकने वाली नहीं है। 8 और 9 मई को राज्य के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क और आसमान साफ रहने की संभावना है। लेकिन 10 मई से संथाल परगना के कुछ जिलों में लू की स्थिति बन सकती है। विशेषकर दुमका, पाकुड़ और गोड्डा में गर्म हवाओं का असर देखा जाएगा। 11 से 13 मई तक देवघर, जामताड़ा, साहिबगंज समेत संथाल परगना के अन्य जिले भी लू की चपेट में आ सकते हैं। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।


आज सुबह जहां कई जिलों में बादल छाए रहे, वहीं दोपहर बाद मौसम के साफ होने की उम्मीद है, जिससे तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना भी जताई गई है। बीते 24 घंटों में गोड्डा सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम था।
इस बीच एक राहत भरी खबर यह है कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, इस बार मानसून ने अंडमान-निकोबार में समय से पहले दस्तक दे दी है और यह बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। अनुमान है कि झारखंड में भी इस साल मानसून समय से पहले पहुंच सकता है। सामान्यतः मानसून केरल में जून के पहले सप्ताह तक पहुंचता है और फिर लगभग 10 से 12 दिनों में संथाल परगना के रास्ते झारखंड में प्रवेश करता है।


बीते 24 घंटे में रांची, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा, लोहरदगा, लातेहार और सिमडेगा में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई है। लोहरदगा में लगभग 5 मिमी और बहरागोड़ा में सबसे अधिक 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।