logo

झारखंड में अगले 6 दिनों तक बदला रहेगा मौसम, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट

weather_jh1.jpg

रांची
झारखंड में अगले छह दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से राज्य के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, आज और कल कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

बारिश के बीच बढ़ेगा तापमान, उमस करेगी परेशान
बारिश की गतिविधियों के बावजूद राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे लोगों को उमस वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर करीब 30 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में 9 सितंबर को एक बार फिर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसका असर झारखंड के मौसम पर भी देखने को मिलेगा। इस दौरान देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला-खरसावां के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

2 सितंबर तक पूरा हुआ सामान्य बारिश का कोटा
मानसून की शुरुआत में अल-नीनो के प्रभाव और कम बारिश के कारण झारखंड में सूखे की आशंका जताई जा रही थी। जून और जुलाई में भी बारिश की स्थिति चिंताजनक रही थी। इसका असर धानरोपनी से लेकर जलाशयों तक में दिखाई देने लगा था और कई क्षेत्रों में पानी की कमी की स्थिति बनने लगी थी। हालांकि, अगस्त में बंगाल की खाड़ी में लगातार बने निम्न दबाव के क्षेत्रों और साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने राज्य के मौसम का रुख बदल दिया। लगातार हुई बारिश के कारण 2 सितंबर तक झारखंड में सामान्य बारिश का कोटा पूरा हो गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 2 सितंबर तक राज्य में सामान्य बारिश 815.6 मिलीमीटर होनी चाहिए थी, जबकि इस अवधि में 818.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य से करीब 3 प्रतिशत अधिक है। यानी मानसून की इस अवधि में राज्य ने सामान्य बारिश का 100 प्रतिशत कोटा पूरा कर लिया है। झारखंड में मानसून की वापसी में अभी करीब 28 दिन बाकी हैं। इस दौरान यदि राज्य में लगभग 200 मिलीमीटर और बारिश होती है, तो पूरे मानसून सीजन की सामान्य बारिश का कोटा भी पूरा हो सकता है। झारखंड में मानसून के दौरान सामान्य बारिश 1022 मिलीमीटर मानी जाती है।

9 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश
राज्य के औसत आंकड़े भले ही सामान्य से अधिक बारिश दिखा रहे हों, लेकिन जिलावार बारिश का वितरण एक समान नहीं रहा है। राज्य के नौ जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। पाकुड़ में 459.3 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 919.2 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। देवघर में 511.1 मिलीमीटर के मुकाबले सामान्य बारिश 764.5 मिलीमीटर, चतरा में 526.5 मिलीमीटर के मुकाबले 753.7 मिलीमीटर और गोड्डा में 531.8 मिलीमीटर के मुकाबले 703.2 मिलीमीटर सामान्य बारिश होनी चाहिए थी। इसी तरह कोडरमा में 525.8 मिलीमीटर, साहिबगंज में 684.2 मिलीमीटर, गुमला में 662.9 मिलीमीटर, गिरिडीह में 602.0 मिलीमीटर और हजारीबाग में 668.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इन जिलों में भी सामान्य बारिश की तुलना में कमी बनी हुई है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई। रांची के कांके में सबसे अधिक 220 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नाला में 202.6 मिलीमीटर, जामताड़ा में 136.8 मिलीमीटर और तिलैया में 128.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

लगातार तीसरे साल सामान्य मानसून की उम्मीद
अच्छी बारिश के कारण झारखंड में लगातार तीसरे साल मानसून के सामान्य रहने की उम्मीद बढ़ गई है। पिछले वर्ष मानसून सीजन में राज्य में सामान्य से करीब 17 प्रतिशत अधिक बारिश हुई थी। वर्ष 2024 में सामान्य से सिर्फ 1 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी। वहीं, वर्ष 2023 में सामान्य से करीब 23 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। इस साल बंगाल की खाड़ी में लगातार बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्रों के कारण झारखंड में अच्छी बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, 9 सितंबर और सितंबर के तीसरे सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में नए मौसम सिस्टम बनने की संभावना है। इन सिस्टम के प्रभाव से राज्य में एक बार फिर अच्छी बारिश हो सकती है।

फिलहाल झारखंड के सभी प्रमुख डैम में पर्याप्त पानी मौजूद है। इस साल हुई अच्छी बारिश का असर अगले साल गर्मी के मौसम में भी देखने को मिल सकता है। जलाशयों में पर्याप्त जलस्तर रहने से गर्मी के दौरान पेयजल और अन्य जरूरतों के लिए पानी की किल्लत का खतरा कम होने की उम्मीद है।

Tags - Jharkhand Weather Rain Alert Ranchi Weather Weather Forecast