logo

खेत, किसान और नवजवान के हक की लड़ाई हम लडेंगे : सुदेश महतो 

SUDESH8.jpg

द फॉलोअप डेस्क
खेत, किसान और नवजवान के हक की लड़ाई हम लडेंगे। झारखंड को विस्थापन के दंश से हम बाहर निकालेंगे। कांग्रेस पार्टी बंदूक चलाना जानती है और झारखंड की छाती को छलनी करने की इनकी आदत रही है। झारखंड आंदोलनकारियों की छाती में गोली चलाने वाली पार्टी है कांग्रेस। यह इनका काला सच है। पिछड़ा, विस्थापन और बेरोजगारी सरकार की प्राथमिकता में नहीं है।  इस पार्टी से राज्य के विकास की उम्मीद रखना बेईमानी है। इनके लिए विकास का कोई मापदंड नहीं है न ही विकास इनके लिए कोई मायने रखता है।


उक्त बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने +2 हाई स्कूल फुटबॉल मैदान में आयोजित बड़कागांव विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह में कही। मौके पर विधानसभा क्षेत्र के हजारों चूल्हा प्रमुखों ने अपने पद की शपथ ग्रहण की।


बड़कागांव की जनता ने जिस परिवार के बाप, मां और बेटी को विधायक बनाया आज वही शक्ति लोगों को उजाड़ने का काम कर रही है। बेरोजगारी और विस्थापन आज राज्य का सबसे ज्वलंत मुद्दा है। विस्थापित जब राज्य सरकार से अपना हक अधिकार मांगने जाते हैं तो सरकार लाठी, गोली दिखाकर लोगों का डराने का काम करती है।


राज्य सरकार जनता की भावनाओं पर राजनीति कर रही है। सरकार ने राज्य की बड़ी आबादी के साथ धोखा किया है। जनाकांक्षा हमारी प्राथमिकता है। हमारी तैयारी जमीन के मालिक को उसका उचित हक और अधिकार दिलाने की है। सिर्फ मुआवजा नहीं बल्कि मुआवजा के साथ नौकरी और शेयर पर भी बात होगी। जमीन के मालिक भी अपने होंगे और कंपनी के अंदर काम भी अपने लोग करेंगे। 
हमने राज्य के भीतर एक जवाबदेह संगठन तैयार किया है। इस संगठन के नेता हमारे चूल्हा प्रमुख हैं। जनता के दुःख दर्द से दूर रहने वाले राजनीतिक दलों को चूल्हा प्रमुख की अवधारणा कभी समझ नहीं आ सकती है। बड़कागांव की सम्मानित जनता का बहुमूल्य वोट इस बार बेहतर भविष्य के लिए होगा। आपका फैसला 25-30 साल के इतिहास को बदल देगा। बड़कागांव इस बार कोई कमी-बेसी नहीं होने देगा।

मौके पर पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष सह गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार सातवें आसमान पर है। मुफ्त बिजली देने की बात करने वाली सरकार दिन में दस घंटे भी बिजली नहीं दे पा रही है। इन्होंने सरकारी पदाधिकारियों का आचरण ही बदल दिया है। जनता की सेवा के लिए बैठे लोग आज जनता की ही नहीं सुनते हैं। इस अराजक व्यवस्था से जनता त्रस्त है।
इस दौरान पार्टी के केंद्रीय महासचिव रोशन लाल चौधरी ने कहा कि नियोजन, विस्थापन और स्थानीय नीति बनाने का वादा कर सत्ता में आई सरकार ने अपने वादों को भुला दिया है। वादाखिलाफी के नए कीर्तिमान बनाने वाली इस सरकार को जनता ने सत्ता से बेदखल करने का मन बना लिया है। बड़कागांव के विकास को कुछ लोगों ने अपने निजी स्वार्थ के चलते रोक दिया है। अपना और अपने परिवार का विकास ही उनकी प्राथमिकता रही है। क्षेत्र की जनता अपने मत से इतिहास लिखेगी। 

इस अवसर पर वरीय उपाध्यक्ष एवं गिरिडीह लोकसभा सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, महासचिव एवं विधायक लम्बोदर महतो, रौशनलाल चौधरी, कुशवाहा शिवपुजन मेहता, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, विकास राणा, विजय साहू, हजारीबाग जिलाध्यक्ष परमेश्वर भगत, रामगढ जिलाध्यक्ष दिलीप दांगी, नवीन कुमार, सिद्धार्थ शंकर, हेमलाल महतो, पंकज साहा, ज्ञान सिन्हा इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

   


 

Tags - Sudesh Mahto AJSU Jharkhand News News Jharkhand