द फॉलोअप डेस्क
राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में एक बार फिर से बुनियादी सुविधाओं की कमी सामने आई है। बीते मंगलवार को रिम्स के मेडिसन वार्ड के C-2 में पानी की समस्या उत्पन्न हुई। दरअसल, यह समस्या तब सामने आई जब मरीज बाथरूम में थे। जानकारी के मुताबिक, वार्ड के बाथरूम से अचानक पानी आपूर्ति ठप हो गई, जिससे मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे उनकी दैनिक जरूरतें प्रभावित हुई।

जानकारी के अनुसार, जब परिजन इसकी शिकायत लेकर वार्ड में तैनात नर्स और अन्य कर्मचारियों के पास पहुंचे तो उन्होंने भी अपनी असमर्थता जताई। घंटों तक वार्ड बॉय और नर्सिंग स्टाफ द्वारा कई बार सूचना देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। वहीं, पानी नहीं मिलने के कारण मरीजों और परिजनों की स्थिति दयनीय बनी रही। मजबूरन परिजनों को अस्पताल से बाहर जाकर बोतलबंद पानी खरीदना पड़ा।