logo

केंद्र को MMDR एक्ट में किए गए संशोधन को वापस लेना होगाः चुन्ना सिंह

केंद्र को MMDR एक्ट में किए गए संशोधन को वापस लेना होगाः चुन्ना सिंह

द फॉलोअप डेस्क, देवघरः
झामुमो के आह्वान पर पालाजोरी (देवघर) में कार्यकर्ताओं ने MMDR एक्ट में किए गए संशोधन के विरोध धरना दिया। प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए सारठ विधायक चुन्ना सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार को एमएमडीआर एक्ट में किए गए संशोधन को वापस लेना ही होगा। उन्होंने धरना स्थल पर उपस्थित कार्यकर्ताओं और आम लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा झारखंड की पहचान है। इस पर झारखंड का स्वाभाविक अधिकार है। केंद्र सरकार ने एमएमडीआर एक्ट में संशोधन कर झारखंड के अधिकारों को संकुचित कर दिया है। जल,जंगल और जमीन पर उसके स्वाभाविक अधिकारों पर कुठारघात किया गया है। झारखंड जैसे गरीब राज्य को उसके राजस्व से वंचित करने की साजिश की गयी है। झामुमो केंद्र सरकार के इस फैसले का अंतिम समय तक विरोध करेगा। उसे वापस लेने को विवश करेगा।


पालाजोरी में भारी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता शामिल हुए। पालाजोरी में पार्टी की ओर से प्रखंड विकास पदाधिकारी को राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा गया। इसमें एमएमडीआर एक्ट में किए गए संशोधन को वापस लेने की मांग की गयी है। संशोधन की धारा 9D को राज्यों के संवैधानिक एवं संघीय अधिकारों पर पड़ने वाले प्रभाव का गंभीर परीक्षण कराने,खनिज उत्पादक राज्यों के साथ इस विषय पर सार्थक और संस्थागत परामर्श सुनिश्चित करने और राज्यों के अधिकारों को केंद्र के साथ संतुलित करने की मांग की गयी है।

Tags - JMM Palajori Chunna Singh MMDRA