रांची
डोरंडा स्थित बटम तालाब की मेढ़ गुरुवार को अचानक ध्वस्त हो गई, जिससे बगल के मोहल्ले में भारी मात्रा में पानी भर गया। इस घटना के कारण वहां की सड़क भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। कई घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों के जरूरी सामान खराब हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश कांग्रेस महासचिव और जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाह देव मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उन्हें तुरंत राहत सामग्री उपलब्ध कराई। शाह देव ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात कर समस्या का शीघ्र समाधान करने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस और एहतियाती कदम उठाए जाएं। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
