द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा जिला स्थित झुमरीतिलैया नगर परिषद, नगर पंचायत कोडरमा और डोमचांच नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार सुबह 7 बजे से ही मतदान शुरू हो गया है। तीनों शहरी निकायों में कुल 114 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुबह से ही सभी मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं में सभी अपने-अपने मतदान को लेकर उत्साहित दिख रहे हैं। कोडरमा जिले में कई बूथों पर लंबी कतारों में लोग अपनी-अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे है।

तीनों निकायों में अध्यक्ष पद के लिए कुल 36 उम्मीदवार चुनावी जंग में खड़े हैं। झुमरीतिलैया नगर परिषद में 16 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं। नगर पंचायत कोडरमा में 13 और डोमचांच नगर पंचायत में 7 उम्मीदवार अध्यक्ष पद के लिए किस्मत आजमा रहे हैं। वार्ड पार्षद के 57 पदों के लिए कुल 266 प्रत्याशी मैदान में हैं। नगर पंचायत कोडरमा के 15 वार्डों में (वार्ड 13 निर्विरोध) के लिए 60 उम्मीदवार हैं वहीं, डोमचांच नगर पंचायत के 12 वार्डों में (वार्ड 5 और 11 में नामांकन नहीं हुआ) के लिए 53 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं झुमरीतिलैया नगर परिषद के 28 वार्डों के लिए 153 उम्मीदवार मैदान में हैं।
.jpeg)
तीनों शहरी निकायों में कुल 1,13,928 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। नगर पंचायत कोडरमा क्षेत्र में 22,233, डोमचांच में 19,727 और झुमरीतिलैया नगर परिषद क्षेत्र में 71,968 मतदाता पंजीकृत हैं। इन्हीं मतदाताओं के वोट से अध्यक्ष और वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा। वहीं, मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। अधिकारी लगातार बूथों का निरीक्षण कर रहे हैं।