रांचीः
देश के 16 वें राष्ट्रपति के लिए आज वोटिंग की जायेगी। इसमें सांसदों के अलावा विभिन्न राज्यों के विधायक अपने मतों का प्रयोग करेंगे। झारखंड में भी इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू हैं, जबकि विपक्षी दलों के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा हैं। वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी और 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। आज 4800 निर्वाचित सांसद और विधायक वोट करेंगे।
पहली आदिवासी महिला होंगी
पार्टियों के समर्थन को देखते हुए द्रौपदी मुर्मू की जीत तय मानी जा रही है। वह पहली आदिवासी महिला होंगी जो देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहुंचने वाली हैं। द्रौपदी मुर्मू को 27 दलों के समर्थन हैं। वहीं यशवंत सिन्हा को 14 दलों का समर्थन मिलने वाला है। संसद भवन परिसर में मानसून सत्र के शुरू होने से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार के तमाम वरिष्ठ मंत्री व सांसद ही नहीं, विपक्ष के नेता-सांसद भी अपने वोट डालेंगे।
21 को वोटों की गिनती
एनडीए उम्मीदवार को बीजेपी और आजसू के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा का भी समर्थन मिल गया है। वहीं विपक्ष के उम्मीदवार को कांग्रेस, आरजेडी और माले का समर्थन प्राप्त है। जेएमएम का समर्थन मिलते ही द्रोपदी मुर्मू को राज्य से कुल 22808 वोट मिलना तय हो गया है। मतदान के बाद सभी राज्यों से मतपेटियां दिल्ली लायी जायेंगी और 21 जुलाई को वोटों की गिनती होगी। जिसके बाद देश के नए राष्ट्रपति की घोषणा की जायेगी।