रांची:
झारखंड विधानसभा के कमरा संख्या 42 में राज्यसभा चुनाव को लेकर मतदान जारी है। दिन के 12:00 बजे तक लगभग 50 से अधिक विधायकों ने अपना मतदान कर दिया। इनमें एनडीए के अधिकतर विधायक मतदान करके वापस आवास लौट गए। इंडिया गठबंधन की ओर से मतदान करने वाले विधायकों की संख्या थोड़ी कम है। मालूम हो कि राज्यसभा चुनाव में 3 प्रत्याशी है। झामुमो के बैजनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा के अलावा एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के भाग्य का आज फैसला हो रहा है। झारखंड विधानसभा में कुल विधायकों की संख्या 81 है। अगर सभी विधायकों ने अपने मत का प्रयोग किया तो प्रथम वरीयता के मत से जीतने के लिए कुल 28 विधायकों की जरूरत होगी।

9 बजे तक आएगा राज्यसभा चुनाव का नतीजा
शाम 4:00 बजे मतदान की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 5:00 बजे से मतगणना प्रारंभ की जाएगी। 7:00 बजे शाम तक पहला परिणाम की आने की संभावना है। इस बीच महागठबंध और एनडीए, दोनों ही खेमा अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहा है। चुनाव में वोट डालने के बाद एनडीए ने दावा किया कि उनके प्रत्याशी परिमल नाथवानी जीतेंगे तो वहीं पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने दावा किया कि महागठबंधन के प्रणव झा और बैजनाथ राम जीतेंगे। आज ही कांग्रेस और एनडीए के विधायक अलग-अलग बसों में सवार होकर विधानसभा पहुंचे थे।

झारखंड की 2 राज्यसभा सीटों के लिए वोटिंग
गौरतलब है कि झारखंड में राज्यसभा की 2 खाली सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। एक सीट झामुमो के संस्थापकों में से एक शिबू सोरेन के निधन से खाली हो गई थी, तो दूसरी सीट बीजेपी के राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल पूरा होने से खाली हुई है। प्रत्येक राज्यसभा सीट के लिए 28 विधायकों का प्रथम वरीयता मत चाहिए। महागठबंधन के पास 56 विधायक हैं तो वहीं, एनडीए के पास 24 ही विधायक हैं। हालांकि, एनडीए की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने आज दावा किया कि वह जादुई आंकड़ा जुटा लेंगे। दूसरी ओर महागठबंधन ने भी दावा कर दिया था कि उनके पास 61 विधायकों का समर्थन है।