logo

22 जुलाई तक अंतिम रूप से फॉर्म भर कर जमा कर दें, त्रुटियों का सुधार करा लें मतदाताःके रवि कुमार

k_ravi_kumar2.jpg

द फॉलोअप, रांची
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने कहा कि झारखण्ड राज्य में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर लगभग 97% मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने का कार्य समय पर पूरा कर लिया गया है। अब केवल वही मतदाता शेष बचे हैं जो एएसडीडीएफ सूची के अंतर्गत आ सकते हैं, मतदान केंद्र क्षेत्र से दूर रहने के कारण फॉर्म जमा नहीं कर पाए हैं, या किसी अन्य कारणवश जिन्हें अब तक फॉर्म प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से विशेष अनुरोध किया है कि वे जल्द से जल्द अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म हर हाल में वापस जमा कर दें, ताकि इनके डिजिटाइजेशन का कार्य ससमय पूरा किया जा सके। उन्होने कहा कि इन्यूमरेशन फॉर्म को ससमय भरकर जमा करने से यदि फॉर्म भरने में किसी प्रकार की त्रुटि होती है, तो बीएलओ इसे सुधारने में समय रहते आपकी सहायता कर सकेंगे। इसके साथ–साथ एएसडीडीएफ सूची को भी मूर्त देने में सहायता प्राप्त होगी। 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 18 एवं 20 जुलाई को शहरी मतदाताओं की सहायता हेतु शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि  आगामी 22 जुलाई 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए–2 (BLA-2) की इन्यूमरेशन फेज के दौरान तीसरी और अंतिम बैठक निर्धारित की गई है। इस बैठक में बीएलओ और बीएलए-2 मिलकर एएसडीडी सूची को अंतिम रूप देंगे, जिसका प्रकाशन 5 अगस्त को मतदाता सूची के ड्राफ्ट पब्लिकेशन के साथ किया जाएगा। फॉर्म समय पर जमा होने से एसआईआर के इन्यूमरेशन फेज से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्य जैसे—फॉर्म का डिजिटाइजेशन, मतदान केंद्र के अनुसार रेशनलाईजेशन (जिससे एक ही परिवार के सभी सदस्य एक ही मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध हो सकें), प्राप्त जानकारियों का सत्यापन और एएसडीडी सूची का अंतिम प्रकाशन समय पर सुनिश्चित किया जा सकेगा। वैसे मतदाता जिन्हें अभी तक इन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त नहीं हुआ है, वे नागरिक आधिकारिक वोटर्स सर्विस पोर्टल (voters.eci.gov.in) पर जाकर या अपने एंड्रॉइड/iOS डिवाइस पर ECINET ऐप डाउनलोड करके इसे भर सकते हैं।

ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए मतदाताओं को ऐप ओपन कर 'Voter Registration Form' मेनू में जाना होगा और 'SIR 2026 Fill Enumeration Form Online' पर क्लिक करना होगा। इसके बाद अपने मोबाइल नंबर और ओटीपी (OTP) के जरिए लॉगिन करके, अपना मतदाता पहचान पत्र क्रमांक (Voter ID Number) दर्ज करना होगा और राज्य का चयन करना होगा। स्क्रीन पर आंशिक रूप से भरा हुआ फॉर्म दिखाई देगा, जिसमें अन्य सभी जरूरी जानकारियां भरकर और फोटो अपडेट करके प्रक्रिया को आगे बढ़ाना होगा। अंत में, प्रमाणीकरण के लिए  ओटीपी आधारित ई-साइन (e-Sign) के माध्यम से इसे सत्यापित करना होगा, जिसके बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर  Confirmation का मैसेज आ जाएगा। इस प्रक्रिया को पूर्ण करने वाले सभी मतदाताओं के नाम 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची के ड्राफ्ट पब्लिकेशन में प्रकाशित किए जाएंगे।


 

Tags - Jharkhand SIR BLO Immunization Form BL-2