द फॉलोअप डेस्क
10 डिसमिल जमीन को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई। पुलिस के जवान और ग्रामीण दोनों इस घटना में घायल हो गए हैं। यह मामला है हजारीबाग जिने के पदमा थाना क्षेत्र के उरवां मोड़ स्थित रोमी बंगला के पास का। शुक्रवार को ग्रामीणों और पुलिस के बीच करीब तीन घंटे तक हिंसक झड़प हुई। हालात इतने खराब हो गए कि पुलिस को स्थिति पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

जानें क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि बीएसएफ में सेवा दे रहे जवान प्रकाश कुमार शर्मा को सैनिक बंदोबस्ती के तहत 10 डिसमिल जमीन दी गई है। उस जमीन पर पहले से ही लोग बसे हैं। उक्त जवान ने जमीन अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन को आवेदन दिया था। इसके बाद प्रशासन की टीम जब अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंची तो उस जमीन पर बसे लोगों ने विरोध कर दिया। इस दौरान उनको गांव वालों का भी समर्थन मिल गया। जिसके बाद प्रशासन और ग्रामीण आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों की ओर से पुलिस पर पथराव किए जाने से स्थिति बेकाबू हो गई। जिसके कारण भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए।

स्कूल की जमीन बताकर पहले किया गया विरोध
जमीन के संबंध में बताया जा रहा है कि बीएसएफ में सेवा दे रहे जवान प्रकाश कुमार शर्मा को दिसंबर 2022 में सैनिक बंदोबस्ती के तहत रोमी गांव में 10 डिसमिल जमीन बंदोबस्ती पट्टा के तौर पर दिया गया। लेकिन जब इस वर्ष 2023 में ड्यूटी से छुट्टी लेकर अपनी जमीन पर काम कराने के लिए पहुंचे तो उनको स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि पहले यह कहा गया कि यह जमीन स्कूल की है। इस पर काम करने नहीं दिया जाएगा। मगर जब स्कूल ने स्पष्ट किया कि यह जमीन उसकी नहीं है तो स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक जमीन कह कर विरोध करते हुए निर्माण करने से रोका। इसकी जानकारी जवान ने डीसी, एसपी सहित अन्य पदाधिकारियों को देकर अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार लगाई थी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N